✍️ मनमोहन भट्ट, ब्रह्मखाल/उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी जनपद के ब्रह्मखाल स्थित लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस में मंगलवार को आयोजित कांग्रेस सम्मान समारोह पूरी तरह राजनीतिक तेवरों और चुनावी संदेशों से लबरेज नजर आया। समारोह में कार्यकर्ताओं, युवाओं और बुजुर्गों की भारी भीड़ ने साफ संकेत दे दिया कि क्षेत्र में कांग्रेस एक बार फिर पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरने को तैयार है।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप रावत,ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेंद्र गुसाईं एवं यमुनोत्री विधानसभा प्रभारी कनकपाल सिंह परमार का ढोल-दमाऊं की थाप और फूलमालाओं से गर्मजोशी के साथ ऐसा स्वागत किया गया, जिसने भाजपा खेमे की बेचैनी बढ़ा दी। मंच से नेताओं ने भाजपा की “डबल इंजन सरकार” पर सीधा हमला बोलते हुए उसे जनविरोधी, निकम्मी और भ्रष्टाचार में डूबी सरकार करार दिया।
कांग्रेस नेताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा करते हुए उत्तरकाशी जनपद की तीनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का परचम लहराने का दावा किया। साथ ही भाजपा पर जनविरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए आगामी चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने का संकल्प दोहराया। नेताओं ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा ने केवल झूठे वादे, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार दिया है। वक्ताओं ने अंकित भंडारी हत्याकांड को भाजपा शासन की सबसे बड़ी नाकामी बताते हुए कहा कि आज भी अंकिता भण्डारी को न्याय नहीं मिला है। और जनता न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन कर रही है जहां पूरे प्रदेश ने अंकिता भण्डारी हत्याकांड को लेकर सीबीआई जांच की मांग की तो वही भाजपा सरकार ने दोषियों को बचाने का काम किया और पूरे प्रदेश की कानून-व्यवस्था को शर्मसार किया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री/ब्लॉक अध्यक्ष ब्रह्मखाल मंडल नवीन भंडारी, प्रदेश सचिव कांग्रेस कमेटी महावीर सिंह रावत, सामाजिक कार्यकर्ता सुपल दास, प्रकाश कोहली, किशन सिंह भंडारी, कैलाश अवस्थी, भाग्यानंद दास, सुमनलाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




