मनमोहन भट्ट, उत्तरकाशी।
यमुनोत्री विधानसभा में राजनीतिक सरगर्मियां इन दिनों तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए ताल ठोक दी है। चौहान ने अपनी चुनावी शुरुआत अपने आराध्य भगवान जमदग्नि के थान गांव स्थित मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लेकर की।
बीते कुछ वर्षों से पारिवारिक चुनौतियों से जूझ रहे मनवीर चौहान का यह निर्णय राजनीतिक हलकों में नई ऊर्जा लेकर आया है। हालांकि हाल ही में उनकी धर्मपत्नी के निधन ने उन्हें गहरा आघात पहुँचाया, लेकिन अब वह अपने क्षेत्र की सेवा के लिए पुनः संकल्पबद्ध हैं।
बता दें कि मनवीर चौहान का विद्यार्थी जीवन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से गहरा जुड़ाव रहा है। संगठनात्मक क्षमता और समर्पण को देखते हुए भाजपा ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें तीसरी बार लगातार प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है।
चौहान पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के पीआरओ भी रह चुके हैं। वर्ष 2012 से वह लगातार यमुनोत्री क्षेत्र की जनता से जुड़े हुए हैं। उन्होंने क्षेत्र में सड़कों, पुलों और विद्यालयों की स्वीकृतियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की सहायता करना उनका प्रमुख लक्ष्य रहा है। बड़कोट, खरादी, थान, यमुनोत्री, ब्रह्मखाल, चिन्यालीसौड़, दिचली, गमरी, दशगी, बिष्ट और बनचौरा क्षेत्रों में वह इन दिनों लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं, और जनता उन्हें “उम्मीद का ध्रुव तारा” मान रही है। चौहान की दावेदारी ने राजनीति गलियारों के बीच नई हलचल पैदा कर दी है।




