
मसूरी में पर्यटकों की मनमानी, स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ के विरोध पर चाकू से किया हमला,एक घायल, दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
मसूरी (देहरादून)- 21 जून 2025
मसूरी में पर्यटकों की मनमानी और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर मसूरी का शांत वातावरण अशांत हो गया। शनिवार को मसूरी के कैंपटी स्टैंड के पास स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई जिसका छात्राओं के भाई और स्थानीय लोगो ने विरोध किया, जिसपर दोनो पक्षो में जमकर हाथापाई हुई। जिसमें चार युवक पर्यटकों में से एक युवक ने स्थानीय नागरिकों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंजाब के जलंधर से आए चार पर्यटक कैंपटी स्टैंड के पास खड़े होकर स्कूल से घर लौट रहीं लड़कियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियाँ कर रहे थे। छात्राओं के विरोध पर आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और विरोध किया। विवाद बढ़ने पर पर्यटकों में से एक युवक ने जेब से चाकू निकालकर एक स्थानीय युवक पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची मसूरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार में से दो युवकों को हिरासत में ले लिया है,जबकि दो युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि मसूरी जैसे शांत पर्यटन स्थल पर बाहरी पर्यटकों द्वारा आए दिन की जा रही अश्लील हरकतें और बदसलूकी से शहर की छवि खराब हो रही है। मसूरी पुलिस ने बताया कि, हमने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। फरार युवकों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। पीड़ित युवक की हालत अब खतरे से बाहर है। व आरोपियों पर नियमानुसार कार्यवाही कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है।