
भवाली में व्यापारियों की हलचल तेज़, देवभूमि व्यापार मंडल ने चलाया सदस्यता अभियान।
पवन रावत भवाली, नैनीताल
आगामी व्यापार मंडल चुनाव को लेकर भवाली नगर में देवभूमि व्यापार मंडल द्वारा जोरदार सदस्यता अभियान चलाया गया। इस अभियान में नगर के 200 से अधिक व्यापारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए देवभूमि व्यापार मंडल की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता अभियान के दौरान चुनाव प्रभारी हरेंद्र सिंह बिष्ट, संतोष तिवारी, राकेश रावत, कैलाश भगत, कंचन सुयाल एवं हितेश साह ने जानकारी देते हुए बताया कि आने वाले कुछ दिनों में नामांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिसके बाद चुनाव की तिथि की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार निष्पक्ष एवं व्यापारी हितों को ध्यान में रखते हुए चुनाव कराया जाएगा। बाज़ार में चर्चा गर्म है कि इस बार चुनावी मुकाबला कड़ा होगा। देवभूमि व्यापार मंडल की सक्रियता से पुराने संगठनों में भी खलबली मच गई है। व्यापारियों में नेतृत्व को लेकर उम्मीदें बढ़ रही हैं।