नाबालिग बच्ची से अश्लील हरकतें और जान से मारने की धमकी! सहसपुर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
कमरे में ले जाकर नाबालिग के साथ की घिनौनी हरकतें, किसी को बताने पर दी जान से मारने की धमकी; पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज।
देहरादून। राजधानी देहरादून के सहसपुर क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर सहसपुर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली सहसपुर में शिकायत दर्ज कराई कि अखिलेश कुमार नामक व्यक्ति उनकी नाबालिग बेटी को जबरन अपने कमरे में ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पॉक्सो कोर्ट में होगी पेशी
गिरफ्तार आरोपी अखिलेश कुमार पुत्र स्वर्गीय रघुवीर सिंह, निवासी ग्राम करहला, थाना अकराबाद, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) को 10 नवंबर को देहरादून स्थित विशेष पॉक्सो न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
सवाल यह है कि आखिर नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा कितनी सुनिश्चित है? सहसपुर में सामने आया यह मामला एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत को उजागर करता है।




