कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख होने की आशंका
कोटद्वार। वार्ड नंबर 22, पवीसा कॉलोनी सिमलचौड़ में दीपक कुमार की कपड़े की दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाना बाकी है।
दुकान संचालक दीपक कुमार (35 वर्ष), पुत्र स्व. चंदन सिंह, मूल निवासी गुटलमंडा, गुमखाल हैं। उन्होंने करीब पांच महीने पहले किराये पर दुकान शुरू की थी। दुकान में कपड़ों के साथ होलसेल कारोबार तथा अमेजन और फ्लिपकार्ट के माध्यम से भी व्यापार किया जाता था।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पार्षद वार्ड 29 घमंडपुर एवं जनसेवक अमित नेगी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घटना पर दुख जताया। साथ ही आग पर त्वरित काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम, पुलिस विभाग एवं मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
फिलहाल आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।




