डकरानी गांव में एकता क्रिकेट क्लब द्वारा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन, संदीप राणा क्रशर जोन अध्यक्ष ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
डकरानी। डकरानी गांव में एकता क्रिकेट क्लब द्वारा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें क्रशर जोन अध्यक्ष संदीप राणा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर आयोजकों एवं ग्रामीणों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
इस दौरान संदीप राणा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित होती है। खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।
संदीप राणा ने कहा कि क्रशर एसोसिएशन डकरानी, माइनिंग विभाग के निदेशक श्री राजपाल लेघा एवं माइनिंग अधिकारी श्री ऐश्वर्या शाह के निर्देशों के अनुरूप सामाजिक गतिविधियों में समय-समय पर भागीदारी करती रहती है। एसोसिएशन द्वारा पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण अभियान और खेलकूद प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न सामाजिक कार्यों में सहयोग दिया जाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और समाज के विकास में योगदान देना एसोसिएशन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथि श्री सरफराज एडवोकेट ने कहा कि गांव के लोगों को क्रशर एसोसिएशन से काफी उम्मीदें हैं। क्रशर जोन स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी एसोसिएशन गांव के विकास और जनहित के कार्यों में अपना सहयोग जारी रखेगी।
वहीं, मंचासीन अतिथि श्री बिलाल ने कहा कि क्रशर एसोसिएशन हमेशा गांव के विकास में सहयोग करती रही है। आपसी तालमेल, भाईचारे और सहयोग की भावना से ही क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव है।
इस अवसर पर शहबाज़ खान, शहनवाज़, नवाब, सोहिल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने और समाज में सकारात्मक वातावरण बनाने का संदेश दिया गया।




