सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क के दौरान डॉ. हरक सिंह रावत ने जनता की समस्याएं सुनीं
देहरादून। आज सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के सेलाकुई एवं रसूलावाला में जनसंपर्क अभियान के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने क्षेत्रवासियों के बीच पहुंचकर आत्मीय संवाद किया और स्थानीय समस्याओं को जाना।
जनता से संवाद के दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क, नाली, बुनियादी सुविधाओं सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं को लेकर अपनी चिंताएं सामने रखीं। डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि सहसपुर की जनता पिछले लंबे समय से अनेक मूलभूत समस्याओं का सामना कर रही है। राजधानी देहरादून के निकट होने के बावजूद क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान न होना गंभीर विषय है।
उन्होंने कहा कि विकास के दावों के बीच यदि आम जनता को अपनी मूलभूत जरूरतों और सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़े, तो शासन-प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल उठना स्वाभाविक है। जनसंपर्क के दौरान क्षेत्रवासियों ने भू-माफिया एवं खनन से जुड़ी गतिविधियों को लेकर भी अपनी चिंताएं और नाराजगी व्यक्त की। लोगों का कहना था कि लंबे समय से उनकी समस्याओं और आवाज को अपेक्षित गंभीरता से नहीं सुना गया है।
डॉ. रावत ने कहा कि सवाल केवल सड़क, नाली और अन्य विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि सवाल जवाबदेही और जनहित के प्रति संवेदनशील शासन का भी है। उन्होंने कहा कि सहसपुर की जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना और उनके स्थायी समाधान के लिए संघर्ष करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जनसंवाद के दौरान जनता के बीच मौजूदा व्यवस्था को लेकर असंतोष स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। जिसका प्रतिफल कांग्रेस पार्टी को आगामी विधानसभा चुनावों साफ तौर पर मिलता हुआ दिखाई देगा। उनका कहना है सहसपुर की जनता कांग्रेस के पक्ष में अपना समर्थन व्यक्त करेगी और क्षेत्र एवं प्रदेश में परिवर्तन की दिशा में अपनी भूमिका निभाएगी। जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के साथ वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




