सकण्ड सहित कई गांवों की सड़क समस्या को लेकर UKD ने वन मंत्री सुबोध उनियाल का घेराव किया
देहरादून। पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क निर्माण में आ रही वन विभाग की अड़चनों, दुर्गादेवी गेट खोलने तथा बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष के मुद्दे को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने वन मंत्री सुबोध उनियाल का घेराव किया।
यह घेराव UKD नेता कुलदीप रावत के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सकण्ड गांव सहित उत्तराखंड के कई ऐसे गांवों का मुद्दा उठाया, जो लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित हैं। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वन विभाग से जुड़ी स्वीकृतियों और प्रक्रियाओं के कारण कई सड़क परियोजनाएं लंबित हैं, जिससे ग्रामीणों को आज भी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।
UKD की ओर से वन मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की गई कि वन विभाग की वजह से रुकी सभी सड़कों के मामलों का तत्काल निस्तारण किया जाए और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृतियां जल्द उपलब्ध कराई जाएं।
इसके साथ ही जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के दुर्गादेवी गेट को 3 अक्टूबर से पहले खोलने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि गेट बंद रहने से क्षेत्रीय ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान बाघ और गुलदारों के बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष का मुद्दा भी उठाया गया। UKD ने मांग की कि वन्यजीवों की संख्या के वैज्ञानिक आकलन के आधार पर प्रभावी योजना बनाई जाए तथा वन्यजीवों के हमलों से ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
घेराव के दौरान शांति प्रसाद भट्ट, प्रमिला रावत, सौम्या चौधरी, रोहित डंडरियाल, राहुल कोठियाल, रितु कंडियाल, हिमांशु पंवार, मीनाक्षी घिल्डियाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
UKD नेताओं ने कहा कि सड़क, वन्यजीव और ग्रामीणों की सुरक्षा से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।




