✍️ मनमोहन भट्ट, उत्तरकाशी।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने जनपद भ्रमण के दौरान एनआईसी सभागार में ईआरओ एवं एईआरओ के साथ समीक्षा बैठक कर नोटिस चरण (Notice Phase) की प्रगति का जायजा लिया और आयोग के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मुक्ता मिश्र ने बताया कि 14 जुलाई 2026 से नोटिसों का वितरण एवं सुनवाई का कार्य लगातार जारी है। जनपद में विभिन्न विसंगतियों के आधार पर चिन्हित 55,973 मतदाताओं तथा 7,751 अनमैप्ड मतदाताओं सहित कुल 63,727 नोटिस जारी किए जाने हैं। सुनवाई प्रक्रिया के लिए 38 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) की नियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया कि सुनवाई के दौरान मतदाताओं को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 वैध दस्तावेजों (आधार कार्ड को छोड़कर) में से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर 14 जुलाई 2026 को जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सभी ईआरओ एवं एईआरओ द्वारा नोटिसों की सुनवाई की तिथियां तय कर दी गई हैं और बीएलओ के माध्यम से भी नोटिस वितरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने मतदाताओं की सुविधा का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि किसी मतदाता को बूथ पर आने में असुविधा हो तो वह निर्धारित दस्तावेज अपने बीएलओ को भी उपलब्ध करा सकता है, जिससे अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
मस्तू दास ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे प्रारूप-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। किसी मतदाता की मृत्यु अथवा स्थायी स्थानांतरण की स्थिति में प्रारूप-7 तथा मतदाता विवरण में संशोधन के लिए प्रारूप-8 का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
समीक्षा बैठक के बाद सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रेस वार्ता कर जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी दी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी देवानंद शर्मा, शालिनी नेगी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा, सब-रजिस्ट्रार अभिसार चौधरी, उपजिलाधिकारी पुरोला मुकेश चंद रमोला सहित सभी एईआरओ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।




