✍️ सुभाष पिमोली,थराली।
जिला निर्वाचन कार्यालय चमोली के दिशा-निर्देशों के क्रम में उत्तराखंड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, कुलसारी में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत संस्थान के छात्रों ने जनसामान्य के बीच पहुंचकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों का प्रचार-प्रसार किया।
इस दौरान छात्रों ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने तथा संशोधन से संबंधित प्रारूप-6, प्रारूप-7 एवं प्रारूप-8 की उपयोगिता को विस्तार से समझा। साथ ही बूथ लेवल अधिकारी बी एल ओ के माध्यम से किए जाने वाले कार्यों, मतदाता सूची के अद्यतन की प्रक्रिया तथा पात्र नागरिकों की निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में संस्थानाध्यक्ष डॉ. महेंद्र टम्टा ने लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक मतदाता की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से मतदाता जागरूकता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण और जागरूक मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है।
इस अवसर पर संस्थान के कैलाश, कृष्णानंद, गोविंद, भुवन, ललित ने भी विद्यार्थियों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एस आई आर मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की और उन्हें लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।




