✍️ मनमोहन भट्ट, उत्तरकाशी।
डुंडा विकासखंड के गाजणा क्षेत्र में ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाते हुए विभिन्न ग्राम सभाओं का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने धौंतरी, सौड़, सीरी, लोदाड़ा एवं ल्वरखा गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
भ्रमण के दौरान ब्लॉक प्रमुख ने ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात कर क्षेत्र में पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं, सुझाव और विकास संबंधी मांगें उनके समक्ष रखीं।
ब्लॉक प्रमुख राजदीप सिंह परमार ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि गाजणा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और किसी भी गांव की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।
ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख के क्षेत्र भ्रमण और जनसंवाद की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और विकास कार्यों में तेजी आएगी। ब्लॉक प्रमुख ने भी आश्वस्त किया कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार जनसंपर्क और निरीक्षण जारी रहेगा।




