30 जुलाई से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन! कांवड़ मेले की तैयारियों में जरा भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
रिपोर्ट पवन लिंगवाल
कांवड़ मेले की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, रामझूला 25 जुलाई से रहेगा बंद, सभी विभागों को समय पर कार्य पूरे करने के निर्देश
मुनिकीरेती/टिहरी। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले को लेकर टिहरी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने मुनिकीरेती और तपोवन क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की तथा सभी विभागों को लंबित कार्य तत्काल पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला में आयोजित समीक्षा बैठक में पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने जिलाधिकारी और एसएसपी श्वेता चौबे का स्वागत किया। बैठक में डीएम ने लोक निर्माण विभाग को 25 जुलाई से रामझूला पुल पर आवाजाही बंद करने और इसकी व्यापक सूचना प्रसारित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यूपीसीएल को खराब विद्युत लाइनें तत्काल दुरुस्त करने, खाद्य विभाग को होटल और दुकानों का निरीक्षण करने, नगर निकायों को पार्किंग, शौचालय और मोबाइल टॉयलेटों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा जल संस्थान को पेयजल की निर्बाध व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
वन विभाग को पेड़ों पर झूल रही बिजली की तारों की लूपिंग कराने और नीर वॉटर फॉल में आवाजाही बंद रखने के आदेश दिए गए। चिकित्सा विभाग को स्वास्थ्य चेक पोस्टों पर पर्याप्त सुविधाएं और एंटी वेनम उपलब्ध रखने, जबकि एनएच विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल पेचवर्क कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने बताया कि महिलाओं की सुविधा के लिए अस्थायी पिंक टॉयलेट बनाए जा रहे हैं, जिनका निरीक्षण भी किया गया। साथ ही विक्रम, ऑटो, टैक्सी यूनियन और व्यापार मंडल से ओवररेटिंग नहीं करने तथा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से कांवड़ मेला संपन्न कराने में सहयोग की अपील की गई।

