✍️ मनमोहन भट्ट, डुंडा/उत्तरकाशी।
भारत सरकार की प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत चयनित ग्राम पंचायत कल्याणी में शुक्रवार को समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रथम खुली बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ग्रामीणों को योजना के उद्देश्य, लाभ, पात्रता एवं विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी विस्तार से दी गई। साथ ही योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागों के समन्वय के लिए ग्राम स्तरीय अभिसरण समिति का गठन भी किया गया।
बैठक के दौरान सहायक समाज कल्याण अधिकारी गणेश सिंह भण्डारी ने योजना की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य चयनित ग्राम पंचायतों का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान नरेशलाल, विभिन्न विभागों के क्षेत्रीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक में ग्रामीणों ने योजना से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव भी साझा किए।




