✍️ मनमोहन भट्ट,उत्तरकाशी।
उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर राजकीय वृद्ध आश्रम सैणी उत्तरकाशी में प्रकृति, संस्कृति और संवेदनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आश्रम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार और ग्राम प्रधान वीरपुर जमुना देवी ने वृद्धजनों के साथ पौधे रोपे तथा सभी को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली संजोने का संकल्प है।
इस अवसर पर आश्रम के बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधारोपण किया और हरेला पर्व की पारंपरिक खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षों के महत्व पर भी चर्चा की गई।
हरेला पर्व के इस आयोजन ने आश्रम परिसर को हरियाली, उल्लास और सामाजिक सहभागिता के रंगों से सराबोर कर दिया तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी संदेश दिया।




