✍️ मनमोहन भट्ट, नौगांव/उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को विकासनगर-यमुनोत्री राजमार्ग के चौड़ीकरण के दौरान क्षतिग्रस्त हुए सारीगाड- कंडारी मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग से प्रभावित हुए विभिन्न गांव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से वार्ता कर सड़क मार्ग सुधारीकरण की मांग की।ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से टमाटर,आलू,बीन,सेब जैसी नकदी फसलों को बाजार तक पहुंचाने में भारी परेशानी हो रही है।जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए सड़क मार्ग की मरम्मत हेतु एनएच बड़कोट को सड़क मार्ग कार्य में तेजी लाने और क्षतिगस्त हुए हिस्से की जल्द से जल्द मरम्मत कर सुचारू करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों की मांग पर जिलाधिकारी ने सारीगाड बाजार से सारी बैंड तक करीब सात सौ मीटर की सड़क के लिए परीक्षण उपरांत आवश्यक कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों द्वारा जल संस्थान की कंडारी पंपिंग परियोजना के लंबे समय से बंद होने की शिकायत की।इस संबंध में जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान को तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं ग्रामीणों की मांग पर ज़िलाधिकारी ने मानसून सीजन के बाद गातू में बहुउद्देशीय शिविर लगाने का भी भरोसा दिया।
इस दौरान अधीक्षण अभियंता एनएच अरुण कुमार पांडे, अधिशासी अभियंता एनएच मनोज रावत, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई योगेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारियों सहित विभिन्न गांवों के ग्राम प्रधान तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।




