✍️ मनमोहन भट्ट, पुरोला/उत्तरकाशी।
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में निर्माण कार्य में लगे डम्पर के गहरी खाई में गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पुरोला थाना क्षेत्रांतर्गत के जरड़ा खड्ड के पास हुआ।
थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के द्वारा मिली जानकारी के अनुसार शाम करीब 5:30 बजे RKCPL कंपनी का डम्पर (JK02CA0316) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक हरजीत सिंह (49 वर्ष), पुत्र जगत सिंह, निवासी ग्राम परिओट, थाना/जिला डोडा (जम्मू-कश्मीर) की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि डम्पर यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य में लगा हुआ था। जरड़ा खड्ड के समीप वाहन अनियंत्रित होने के बाद सीधे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को खाई से बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।




