चमोली/पीपलकोटी।
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) चमोली इकाई ने जिला अध्यक्ष युधवीर सिंह नेगी के नेतृत्व में पीपलकोटी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन राम मंदिर एवं बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे और दान से जुड़ी कथित अनियमितताओं के विरोध में आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान उक्रांद नेताओं ने कहा कि आस्था के केंद्रों में किसी भी प्रकार की कथित अनियमितता करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष, समयबद्ध एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवाण ने कहा कि आस्था के नाम पर भ्रष्टाचार और चढ़ावे की कथित लूट किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाने की मांग की।
वरिष्ठ नेता कमल किशोर डिमरी ने कहा कि बद्रीनाथ धाम उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और पहचान का प्रतीक है। ऐसे में धामों की व्यवस्थाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
उक्रांद के कुलपति उदय सिंह रावत ने कहा कि सरकार को श्रद्धालुओं के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि मंदिरों में प्राप्त चढ़ावे और दान की राशि का उपयोग किस प्रकार किया जा रहा है। यदि किसी स्तर पर अनियमितता हुई है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शन के अंत में उत्तराखंड क्रांति दल ने मांग दोहराई कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दी जाए तथा धार्मिक संस्थानों की व्यवस्थाओं में पूर्ण जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।




