✍️ मनमोहन भट्ट, उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी जनपद के भटवाड़ी तहसील के असीगंगा क्षेत्र स्थित भंकोली गांव के मूल निवासी एवं वर्तमान में देहरादून निवासी सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी चंद्र सिंह का निधन हो गया। उनके निधन से प्रशासनिक सेवा, उत्तरकाशी जनपद और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
असीगंगा घाटी की विषम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में शिक्षा प्राप्त कर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) तक पहुंचने का उनका सफर संघर्ष, परिश्रम और दृढ़ संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण रहा। उन्होंने न केवल उत्तरकाशी और उत्तराखंड का नाम गौरवान्वित किया, बल्कि हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत भी बने।
श्री चंद्र सिंह अपनी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, सख्त प्रशासनिक कार्यशैली और निष्पक्ष निर्णय क्षमता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में जिलाधिकारी के रूप में तथा उत्तराखंड शासन के अनेक विभागों में सचिव के पद पर रहते हुए जनहित में उल्लेखनीय सेवाएं दीं। प्रशासनिक क्षेत्र में उनके योगदान को आज भी सम्मानपूर्वक याद किया जाता है।
सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका समाज और युवाओं से जुड़ाव लगातार बना रहा। वे सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करते थे, युवाओं का उत्साहवर्धन करते थे तथा नागरिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का कार्य करते रहे। समाज के वंचित और हाशिए पर खड़े लोगों के उत्थान के प्रति उनकी संवेदनशीलता और समर्पण उन्हें एक संवेदनशील प्रशासक और समाजसेवी के रूप में स्थापित करता है।
उनका संपूर्ण जीवन ईमानदारी, संघर्ष, सेवा और समाज के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण रहा। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।




