✍️ मनमोहन भट्ट, उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी जनपद में लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर तहसीलों से वर्षा की जानकारी प्राप्त करते हुए समस्त एसडीएम को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।उन्होंने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा की स्थिति, गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम, प्रमुख सड़क मार्गों तथा संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सड़क, पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत सहित सभी संबंधित विभागों को पूर्ण सतर्कता एवं अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। कहा कि वर्षा के कारण यदि कहीं सड़क अवरुद्ध होती है तो उसे तत्काल खोलने, चारधाम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा राहत एवं बचाव दलों को हर समय तैयार रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस दौरान डीडीएमओ शार्दुल गुसाईं उपस्थित रहे।




