✍️ मनमोहन भट्ट, उत्तरकाशी।
जनमानस को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जन सेवा पखवाड़ा के तहत आज विकासखंड पुरोला तथा 10 जुलाई को राजकीय इंटर कॉलेज बड़कोट में जन सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां ग्रामीण एवं स्थानीय नागरिक एक ही स्थान पर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी और महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। पात्र लाभार्थी मौके पर ही योजनाओं के लिए आवेदन भी कर सकेंगे।
प्रशासन के अनुसार शिविर में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, जो जनता की शिकायतों का तत्काल निस्तारण करेंगे और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। शिविर का उद्देश्य शासन और प्रशासन की सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना तथा आमजन को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना है।
जिला प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।




