भाजपा ने जिला प्रकोष्ठों में की नई नियुक्तियां, नवनियुक्त पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
सेलाकुई। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रकोष्ठों में वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हुए संयोजक एवं सह-संयोजक पदों पर नियुक्तियां की हैं।
शुद्धोवाला स्थित भाजपा कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने नवनियुक्त जिला प्रकोष्ठ संयोजकों एवं सह-संयोजकों का माला और पटका पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक ने सभी पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण से ही संभव है। नवनियुक्त पदाधिकारी संगठन की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का कार्य करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।




