सेलाकुई शीशमबाड़ा कूड़ा घर बना जनता के लिए अभिशाप, नहीं जागी सरकार तो होगा बड़ा आंदोलन: आकिल अहमद अध्यक्ष आम इंसान विकास पार्टी
सेलाकुई। आम इंसान विकास पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री आकिल अहमद ने सेलाकुई स्थित शीशमबाड़ा ट्रेंचिंग (कूड़ा घर) ग्राउंड प्लांट को लेकर राज्य सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वर्षों से स्थानीय जनता इस कूड़ा निस्तारण केंद्र को आबादी वाले क्षेत्र से हटाने की मांग कर रही है, लेकिन सरकार और प्रशासन केवल आश्वासन देने तक सीमित रहे हैं।
आकिल अहमद ने कहा कि शीशमबाड़ा ट्रेंचिंग ग्राउंड के खिलाफ स्थानीय लोगों द्वारा कई बार धरना-प्रदर्शन और आंदोलन किए गए, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक और सरकार ने बार-बार इस कूड़ा घर को अन्यत्र स्थानांतरित करने का वादा किया, लेकिन सभी दावे खोखले साबित हुए।
उन्होंने कहा कि ट्रेंचिंग ग्राउंड से उठने वाली दुर्गंध ने सेलाकुई और पछवादून क्षेत्र की जनता का जीवन दूभर कर दिया है। स्थिति यह है कि लोगों का सांस लेना तक मुश्किल हो गया है। जहरीली बदबू और प्रदूषण के कारण बच्चे, बुजुर्ग और युवा लगातार बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं, लेकिन उनकी पीड़ा सुनने वाला कोई नहीं है।
आकिल अहमद ने कहा कि सरकार को धर्म और जाति की राजनीति से ऊपर उठकर जनता के स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान देना चाहिए। यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो सरकार को जगाने के लिए बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शीघ्र ही क्षेत्र के लोगों के साथ मिलकर जिलाधिकारी देहरादून को ज्ञापन सौंपा जाएगा और ट्रेंचिंग ग्राउंड को आबादी क्षेत्र से हटाने की मांग को और मजबूती से उठाया जाएगा।
आकिल अहमद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनता की जायज मांगों की लगातार अनदेखी की गई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।




