अल्मोड़ा में दर्दनाक हादसा: कोसी नदी में डूबने से दो युवकों की मौत, एक-दूसरे को बचाने में गई जान
अल्मोड़ा। कोसी नदी में नहाने गए दो युवकों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों की पहचान सोनू कनवाल (26 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय लछम सिंह कनवाल, निवासी दुगालखोला अल्मोड़ा तथा धीरज सिंह गढ़िया पुत्र गोपाल सिंह, निवासी बागेश्वर, वर्तमान पता मोटाहल्दू हल्द्वानी के रूप में हुई है। दोनों युवक अविवाहित थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनू और धीरज अपने 3-4 अन्य दोस्तों के साथ कोसी नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान नदी की गहराई का सही अंदाजा न लग पाने के कारण सोनू गहरे पानी में फंस गया और डूबने लगा। अपने दोस्त को बचाने के लिए धीरज ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी तेज बहाव और गहराई के कारण खुद को संभाल नहीं पाया।
दोनों युवकों को डूबता देख उनके साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव का प्रयास किया। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी और दोनों युवकों की मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से दोनों शवों को कब्जे में लेकर बेस अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस हृदयविदारक घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।




