*ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए गोष्ठी आयोजित, हैप्पी कस्टमर अवार्ड से सम्मानित हुए उपभोक्ता*
नारायणबगड़।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा किसानों एवं आम उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नारायणबगड़ में केवी सोलर एनर्जी द्वारा एक भव्य गोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर उसकी सेवाओं से संतुष्ट उपभोक्ताओं को “हैप्पी कस्टमर अवार्ड” प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला व पदमा दत्त कुनियाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सौर ऊर्जा केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बनने जा रही है। बढ़ती बिजली की मांग और ऊर्जा संकट से निपटने के लिए सौर ऊर्जा सबसे प्रभावी और पर्यावरण अनुकूल समाधान है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की अपील की।
गोष्ठी में ऊर्जा निगम के अभियंता रामकौशिक एवं एसडीओ अतुल कुमार ने सौर ऊर्जा संयंत्रों से मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि विद्युत विभाग सौर संयंत्र मालिकों द्वारा उत्पादित अतिरिक्त बिजली को खरीदता है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक लाभ भी प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि यह योजना स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के शाखा प्रबंधक राजेश कुमार ने बैंक द्वारा सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए उपलब्ध कराए जा रहे ऋण एवं वित्तीय सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंक द्वारा अनेक किसानों और उपभोक्ताओं को सौर संयंत्र स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जा चुकी है, जिससे ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।
इस दौरान सौर ऊर्जा संयंत्र संचालक एवं उपभोक्ता पीताम्बर दत्त चंदोला ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सौर ऊर्जा संयंत्र किसानों के लिए लाभकारी साबित हो रहे हैं, हालांकि विद्युत विभाग द्वारा बिजली खरीद की निर्धारित दर ₹2 प्रति यूनिट काफी कम है। उन्होंने केंद्र सरकार की सब्सिडी बंद होने के मुद्दे को भी उठाते हुए सरकार से इस दिशा में सकारात्मक पहल की मांग की।
कंपनी के डारेक्टर पदमा दत्त कुनियाल और सीईओ हरिश कुनियाल ने कहा कि उनकी कंपनी भारत सरकार की “हर घर सोलर” एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ़्त विजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और आम नागरिकों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए जागरूकता अभियान चला रही है। साथ ही कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे अन्य ग्रीन एनर्जी उत्पादों की भी विस्तृत जानकारी दी, जो पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में सौर ऊर्जा के लाभ, भविष्य में संभावित बिजली संकट से बचाव, ऊर्जा आत्मनिर्भरता तथा स्वरोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाकर न केवल बिजली के खर्च को कम किया जा सकता है, बल्कि अतिरिक्त बिजली बेचकर आय का नया स्रोत भी विकसित किया जा सकता है।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रामानंद भट्ट ने किया। गोष्ठी में विधायक प्रतिनिधि दलिप नेगी सहित बड़ी संख्या में किसान, उपभोक्ता, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

