हल्द्वानी: तिकोनिया के स्पा सेंटर में देह व्यापार का खुलासा, चार गिरफ्तार, छह युवतियों का रेस्क्यू
हल्द्वानी। अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तिकोनिया क्षेत्र स्थित एक स्पा सेंटर में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि छह युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर बुधवार शाम गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स स्थित ‘एमजे द लग्जरी स्पा सेंटर’ में छापेमारी की गई। पुलिस को लंबे समय से यहां अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री, 16 इस्तेमाल किए गए और 4 सीलबंद कंडोम, 4,320 रुपये नकद और दो एंट्री रजिस्टर बरामद हुए।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान छह युवतियों को रेस्क्यू कर काउंसलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर हल्द्वानी भेज दिया। वहीं नीरज सिंह, कार्तिकेय गुप्ता, पूनम और अतुल ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। स्पा संचालक राहुल जायसवाल मौके पर नहीं मिला, जिसे मुकदमे में नामजद किया गया है।
इस मामले में कोतवाली हल्द्वानी में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता द्वारा की जा रही है।
#NainitalNews #UttarakhandNews #haldwanicity




