देहरादून: जौलीग्रांट में तैनात हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मृतक एयरपोर्ट स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10:30 बजे हेड कांस्टेबल सुनील (49) अपने आवास नागाघेर, रानीपोखरी स्थित बरामदे में मौजूद थे। इसी दौरान उनकी कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत उपचार के लिए हिमालयन हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष राजेंद्र खोलिया ने बताया कि हेड कांस्टेबल को उनकी ही कार्बाइन से तीन गोलियां लगी हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।




