फैक्ट्री में लाखों की तार चोरी का खुलासा, सहसपुर पुलिस ने 3 शातिर चोर दबोचे
देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र स्थित शंकरपुर में फैक्ट्री से कीमती तार चोरी करने वाले 3 शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई तारें और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
मामला 19 मई 2026 का है, जब TG German Metalcra PT Industries Pvt. Ltd. के डायरेक्टर लकी राव ने फैक्ट्री से महंगी इलेक्ट्रिक तारें चोरी होने और कुछ सामान क्षतिग्रस्त किए जाने की शिकायत सहसपुर कोतवाली में दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और 22 मई को चांचक के सामने बगीचे से तीन आरोपियों को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की गई तारें बेचने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आरोपियों में इनाम, गुरदीप और मौ. शौकीन शामिल हैं। तीनों सेलाकुई क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से फिनोलेक्स कंपनी की पीली, नीली और लाल रंग की तारों के गुच्छे बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। एक आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट और दूसरे पर आर्म्स एक्ट के तहत पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।




