प्रगतिपुरम चोरी कांड का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार
ऋषिकेश पुलिस ने प्रगतिपुरम कॉलोनी में बंद मकान में हुई चोरी का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की ज्वैलरी और एक लाल रंग की अपाचे RR310 बाइक बरामद की है।
मामला 17 मई 2026 का है, जब प्रगतिपुरम कॉलोनी निवासी राजेश चन्द्र रमोला ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोर उनके बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी, ज्वैलरी और सीसीटीवी कैमरा चोरी कर ले गए। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों की चेकिंग की और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल दो युवक लाल रंग की अपाचे बाइक पर चोरी का सामान बेचने की फिराक में लक्कड़घाट क्षेत्र में घूम रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने लक्कड़घाट हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने प्रगतिपुरम क्षेत्र में बंद मकान में चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण सिंह निवासी ज्वालापुर हरिद्वार और संजय कुमार उर्फ संजू निवासी वाल्मीकि बस्ती ज्वालापुर हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने जैसा हार, चैन, मांग टीका, झुमके, टॉप्स तथा चांदी जैसी पायजेब और बिछुए बरामद किए हैं। साथ ही घटना में प्रयुक्त अपाचे RR310 बाइक भी कब्जे में ली गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, उपनिरीक्षक राजकुमार, कांस्टेबल अनुयाग तोमर और तेज सिंह शामिल रहे।




