मनमोहन भट्ट, ब्रह्मखाल/उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी जनपद के ब्रह्मखाल क्षेत्र की होनहार छात्रा किरन खंडूड़ी ने सीबीएसई बोर्ड की हाई स्कूल परीक्षा में 96.80% अंक हासिल कर टॉप किया है। इस शानदार सफलता के साथ किरन ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।
ब्रह्मखाल क्षेत्र की नवागांव निवासी किरन खंडूड़ी ने सीबीएसई बोर्ड की हाई स्कूल परीक्षा में 96.80% अंक लाकर टॉप करते हुए यह साबित कर दिया कि हालात चाहे जैसे हों, हौसले बुलंद हों तो इतिहास रचा जा सकता है।
जहां एक ओर संसाधनों की कमी अक्सर गांव के बच्चों के सपनों को सीमित कर देती है, वहीं किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली किरन ने इस सोच को पूरी तरह तोड़ दिया। पिता राजेंद्र खंडूड़ी और माता राजेश्वरी खंडूड़ी, जो खेती-किसानी से परिवार चलाते हैं, उनकी बेटी ने आज पूरे इलाके को गौरवान्वित कर दिया है।
किरन की शुरुआती पढ़ाई लिविंग स्टोन स्कूल, ब्रह्मखाल में हुई और पांचवीं के बाद उन्होंने नवोदय विद्यालय, पुरोला में दाखिला लिया। यहीं से शुरू हुई उनकी मेहनत की असली कहानी, जिसने आज उन्हें इस मुकाम पर पहुंचा दिया।
किरन की इस कामयाबी ने यह साफ कर दिया है कि “टैलेंट शहरों की मोहताज नहीं, गांव की मिट्टी में भी सोना उगता है।”




