उत्तरकाशी मोरी के नेटवाड़ में गेस्ट टीचर की संदिग्ध मौत, कमरे में मिला शव
तहसील मोरी के नेटवाड़ क्षेत्र में एक गेस्ट टीचर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, कुमारी मीरा (32 वर्ष), पुत्री श्री जगत कुमार, जो राजकीय इंटर कॉलेज नेटवाड़ में गेस्ट टीचर के रूप में कार्यरत थीं, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपने कमरे में मृत अवस्था में पाई गईं।
बताया जा रहा है कि मृतका का मूल निवास ग्राम सुनाली, तहसील पुरोला का है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मोरी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी भगत राम नौटियाल ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।




