मुनिकीरेती में सफाई कर्मियों की समस्याओं पर सख्त हुए राज्य मंत्री, जल्द समाधान के दिए निर्देश
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने सफाई कर्मियों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को त्वरित समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को मुनिकीरेती पहुंचने पर पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी अंकित जोशी ने राज्य मंत्री का बुके व शॉल भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात सभागार में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला, नगर पालिका नरेंद्रनगर, नगर पंचायत तपोवन सहित विभिन्न विभागों के सफाई कर्मियों की समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राज्य मंत्री ने मानदेय, विनियमितिकरण, ईपीएफ, ईएसआईसी, लंबित भुगतानों और विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र विशेष कैंप आयोजित किए जाएं, ताकि जमीनी स्तर पर लंबित मामलों का निस्तारण हो सके।
इसके साथ ही उन्होंने मैनुअल स्कैवेंजिंग से जुड़े कर्मियों का सटीक सर्वे कराने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी पात्र कर्मचारी को योजना के लाभ से वंचित न रखा जाए। अधिशासी अधिकारी मुनिकीरेती को सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य राकेश पारछा, विशाल बिरला, जयपाल वाल्मीकि, सभासद विनोद सकलानी, प्रद्युमन कृषाली, मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक कमल चौहान, पुलिस उपनिरीक्षक योगेश चंद्र पांडे, अधिशासी अधिकारी आलम सिंह रावत सहित विभिन्न संगठनों और विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह बैठक सफाई कर्मियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है, जिससे उनके कार्य परिस्थितियों और अधिकारों में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।




