चमोली में उक्रांद का प्रदर्शन: प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ डीएम को सौंपा ज्ञापन
चमोली, 31 मार्च 2026: उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) चमोली इकाई ने आज केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण के नेतृत्व में प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन सौंपा। यह कार्रवाई क्षेत्र के अभिभावकों की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई।
अभिभावकों का आरोप है कि निजी विद्यालय हर वर्ष एडमिशन फीस वसूल रहे हैं और लगातार फीस में बढ़ोतरी कर रहे हैं। इसके साथ ही हर साल नई किताबें खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है, जबकि पाठ्यक्रम में कोई बदलाव नहीं होता। इससे अभिभावकों पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है।
केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण ने कहा कि अभिभावकों की शिकायतें पूरी तरह जायज हैं और इन्हीं मुद्दों को लेकर उक्रांद ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने एक गंभीर अनियमितता की ओर इशारा करते हुए बताया कि NCERT दिल्ली की एक पुस्तक जहां ₹65 में उपलब्ध है, वहीं SCERT देहरादून द्वारा वही पुस्तक ₹165 में बेची जा रही है, जो जांच का विषय है। जिलाधिकारी ने इस पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जिला कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित ने कहा कि जनपद के कई निजी विद्यालय बुनियादी सुविधाओं तक में फेल हैं। न खेल मैदान की उचित व्यवस्था है, न स्वच्छ पेयजल और न ही साफ-सुथरे शौचालय—जो बच्चों के भविष्य के साथ गंभीर लापरवाही है। उन्होंने ऐसे स्कूलों की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
वहीं जिला संगठन मंत्री अंकित पंत ने शिक्षकों के शोषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्राइवेट स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों को सम्मानजनक वेतन नहीं दिया जा रहा है, जो कि बेहद चिंताजनक है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से शिक्षकों और अन्य स्टाफ को उचित मानदेय देने की मांग की।
इस दौरान महेंद्र सिंह नेगी, कुँवर दानू, अशोक बिष्ट, धर्मेंद्र फर्श्वाण, अंशुल झिंक्वाण सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।




