#दुस्साहस :-आशिकी का ऐसा खुमार कि चाकू बाजी पर हुए उतारू! देहरादून में प्रेमी प्रेमिका ने एक दूसरे को मार दिया चाकू।
देहरादून के क्लेमेंटाउन क्षेत्र में शनिवार को प्रेमी-प्रेमिका के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार 7 मार्च को कंट्रोल रूम के माध्यम से क्लेमनटाउन पुलिस को सूचना मिली कि ओगल भट्टा क्षेत्र में एक युवक और युवती के बीच विवाद के दौरान चाकू से हमला हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एंबुलेंस पहले से मौजूद थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों घायल युवक-युवती क्लेमेंटाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं और लंबे समय से उनके बीच प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में युवती के किसी अन्य युवक के संपर्क में आने को लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था।
शनिवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस और कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से वार कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए। दोनों का दून हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।




