✍️ उत्तम सिंह,डोईवाला।
डोईवाला के औद्योगिक क्षेत्र लाल तप्पड़ स्थित यूरेका फोर्ब्स लिमिटेड कंपनी में कार्यरत सैकड़ों कर्मचारियों के सामने रोज़ी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने मनमाने तरीके से कई कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है, जबकि कई कर्मचारियों का वेतन भी रोक दिया गया है, जिससे कर्मचारी मानसिक रूप से परेशान हैं।
मजबूर होकर कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ बुधवार से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में कर्मचारियों ने डोईवाला तहसील पहुंचकर अपनी नाराजगी जाहिर की और मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करते हुए कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान मजदूर नेता संदीप नेगी, माजरी ग्रांट प्रधान प्रतिनिधि मंगल सिंह, अनूप सोलंकी, विनीत मनवाल सहित अन्य कर्मचारियों ने आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने शासन-प्रशासन से हस्तक्षेप कर कर्मचारियों को न्याय दिलाने की मांग की।
कर्मचारियों का कहना है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




