✍️ मनमोहन भट्ट,ब्रह्मखाल/उत्तरकाशी।
जनपद उत्तरकाशी की ग्राम पंचायत जुणगा ने नशे के खिलाफ एक साहसिक और ऐतिहासिक कदम उठाकर पूरे क्षेत्र को आईना दिखा दिया है। गांव निवासी दर्मियान सिंह नेगी ने अपने पुत्र विजय सिंह की शादी में शराब को पूरी तरह से दरकिनार कर यह साबित कर दिया कि खुशियाँ नशे की मोहताज नहीं होतीं।
यह विवाह पट्टी भण्डारस्यूं व ग्राम पंचायत जुणगा में शराब बंदी के रिकार्ड में दर्ज होने वाला पहला नशामुक्त विवाह बन गया, जिसमें पूरी तरह से नशा-मुक्त आयोजन किया गया। इस पहल को गांव के लोगों ने भी खुले दिल से सराहा है। वर्षों से सामाजिक आयोजनों में चली आ रही शराब की कुप्रथा पर यह सीधा प्रहार है।
ग्राम प्रधान अनिल भंडारी ने नेगी परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब ऐसे परिवार आगे आते हैं तभी समाज बदलता है। इस कदम से गांव में शराब बंदी अभियान को बड़ी मजबूती मिली है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पारिवारिक समारोह में शराब न परोसना एक साहसिक और समाज को नई दिशा देने वाला निर्णायक मोड़ है।
वही अनार सिंह कुमांई एवं भीमराज सिंह कुमांई ने भी अपनी पुत्रियों की शादी में शराब न परोसने का सार्वजनिक ऐलान करते हुए ग्राम पंचायत के शराब बंदी फैसले के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने की बात कही।
यह पहल न केवल जुणगा गांव बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक संदेश है, जो समाज को नशे से दूर कर स्वस्थ और संस्कारित भविष्य की ओर ले जाने में सहायक सिद्ध होगी।

