बापूग्राम के हजारों परिवारों को बड़ी राहत की उम्मीद, वन भूमि से डीरिजर्व करने के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी
ऋषिकेश। बापूग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से वन भूमि पर बसे हजारों परिवारों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। उत्तराखंड मंत्रिमंडल ने इन क्षेत्रों को वन भूमि से डीरिजर्व करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की मंजूरी दे दी है। साथ ही प्रभावित लोगों की भूमि नियमित (रेगुलराइज) करने के लिए नीति तैयार करने के उद्देश्य से उप मंत्रिमंडलीय समिति के गठन को भी हरी झंडी मिल गई है।
कैबिनेट के इस फैसले से उत्साहित बापूग्राम के स्थानीय लोगों ने ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
इस दौरान डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि बापूग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से निवास कर रहे हजारों परिवारों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए वह लगातार प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से कई बार मुलाकात कर इस मुद्दे को उठाया। साथ ही मुख्य सचिव और शासन के उच्च अधिकारियों के समक्ष भी प्रभावित परिवारों का पक्ष रखा।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सरकार का यह निर्णय हजारों परिवारों के लिए आशा की नई किरण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों को स्थायी राहत मिलने तक उनके प्रयास जारी रहेंगे।
उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की भावनाओं और वर्षों पुरानी समस्या को गंभीरता से समझते हुए सकारात्मक कदम उठाया है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद: पूर्व जिला अध्यक्ष रविंद्र राणा, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, पार्षद हर्षवर्धन रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य गोविंद सिंह रावत, राहुल कश्यप, पूर्व पार्षद अनीता प्रधान, पार्षद पूनम डोभाल, पिंकी धस्माना, निर्मला उनियाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: पवन सिंह लिंगवाल
सोशल मीडिया हेडलाइन:
बापूग्राम के हजारों परिवारों की उम्मीद जगी! वन भूमि से डीरिजर्व करने के प्रस्ताव को कैबिनेट की मंजूरी, प्रेमचंद अग्रवाल का जोरदार स्वागत।




