सौंग बाँध आंदोलन का 16वां दिन भी जारी, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मुलायम सिंह रावत पहुंचे धरना स्थल, मुख्यमंत्री से प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराने का दिया आश्वासन
आज दिनांक 27 नवंबर 2026 को सौंग बाँध समिति एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के तत्वावधान में सौंग बाँध समिति के अध्यक्ष श्री रविंद्र पंवार एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार की संयुक्त अध्यक्षता में सौंग बाँध से प्रभावित क्षेत्रवासियों की 15 सूत्रीय मांगों के निराकरण हेतु चल रहा अनिश्चितकालीन धरना एवं कार्य बहिष्कार आंदोलन 16वें दिन भी जारी रहा।
आंदोलन स्थल: यह आंदोलन विधानसभा धनोल्टी के ग्राम पंचायत तौलियाकाटल अंतर्गत सौदना गांव तथा विधानसभा रायपुर की ग्राम पंचायत अखाड़ी भीलंग के हिलासवाली गांव के समीप आयोजित किया जा रहा है।
लगातार 16 दिनों से जारी इस आंदोलन में क्षेत्रवासियों की भागीदारी निरंतर बनी हुई है। क्षेत्र की जनता अपनी 15 सूत्रीय मांगों के समाधान को लेकर दृढ़ संकल्पित है। प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों का कहना है कि उनकी मांगें उनके अधिकारों, सम्मान और भविष्य से जुड़ी हुई हैं, इसलिए जब तक इनका न्यायसंगत समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
मुलायम सिंह रावत ने धरना स्थल पर पहुंचकर सुनीं 15 सूत्रीय मांगें
आज धरना स्थल पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री श्री मुलायम सिंह रावत जी उपस्थित रहे। उन्होंने आंदोलनरत क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी 15 सूत्रीय मांगों को विस्तारपूर्वक समझा तथा क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही क्षेत्रवासियों के एक प्रतिनिधिमंडल की माननीय मुख्यमंत्री जी से मुलाकात करवाने का प्रयास करेंगे, ताकि क्षेत्र की 15 सूत्रीय मांगों को मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखा जा सके और उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल हो सके।
एसडीएम टिहरी ने धरना स्थल पर पहुंचकर सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं
आंदोलन के 16वें दिन एसडीएम टिहरी भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी सभी समस्याओं एवं 15 सूत्रीय मांगों को गंभीरता से सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया तथा मांगों के शीघ्र निराकरण की आवश्यकता पर जोर दिया।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि शासन एवं प्रशासन के स्तर पर उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही ठोस कार्रवाई की जाएगी।
15 सूत्रीय मांगों के समाधान तक जारी रहेगा संघर्ष
समिति एवं क्षेत्रीय जनता ने उत्तराखंड सरकार से 15 सूत्रीय मांगों का शीघ्र एवं न्यायसंगत निराकरण करने की मांग दोहराई। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि अब क्षेत्र की जनता केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होगी। प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों को उनकी मांगों के अनुरूप ठोस समाधान मिलना चाहिए।
समिति ने दोहराया कि यह आंदोलन केवल सौंग घाटी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सकलाना क्षेत्र के हितों, प्रभावित परिवारों के अधिकारों, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है।
जब तक 15 सूत्रीय मांगों पर न्यायसंगत एवं ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन धरना एवं कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
सौंग घाटी की जनता एकजुट है, अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत है। अब क्षेत्रवासियों को आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी मांगों पर ठोस कार्रवाई और न्याय चाहिए।
आंदोलन में उपस्थित पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी
इस अवसर पर सौंग बाँध समिति के सचिव श्री बलवीर कंडारी, श्री रविराज पंवार, उपाध्यक्ष श्री ओमप्रकाश पंवार, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष श्री आदित्य कंडारी, छात्र संघ अध्यक्ष श्री सचिन पंवार, पूर्व प्रधान श्री अनिल ऐरला, प्रधान प्रतिनिधि श्री दिनेश पंवार, प्रधान श्री खेमराज कंडारी, पूर्व प्रधान श्री दिगम्बर सिंह, पूर्व प्रधान श्री वीरेंद्र सेंद्री, श्री दीपक पंवार सहित अनेक क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र की माताएं-बहनें, बुजुर्ग, युवा एवं बच्चे बड़ी संख्या में धरना स्थल पर उपस्थित रहे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।




