रिपोट आदर्श दिनांक: 26 नवंबर 2026
सौंग बाँध आंदोलन का 15वां दिन भी जारी, गौरव तिवारी ने धरना स्थल पर पहुंचकर दिया समर्थन; सौंग बांध समिति के कोष्याध्यक्ष श्री विक्रम सिंह कंडारी ने क्षेत्रवासियों से एकजुट रहने की अपील की
आज दिनांक 26 नवंबर 2026 को सौंग बाँध समिति एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के तत्वावधान में सौंग बाँध समिति के अध्यक्ष श्री रविंद्र पंवार एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार की संयुक्त अध्यक्षता में सौंग बाँध से प्रभावित क्षेत्रवासियों की 15 सूत्रीय मांगों के निराकरण हेतु चल रहा अनिश्चितकालीन धरना एवं कार्य बहिष्कार आंदोलन 15वें दिन भी जारी रहा।
लगातार 15 दिनों से चल रहे आंदोलन में क्षेत्रवासियों की भागीदारी निरंतर बनी हुई है। क्षेत्र की माताएं-बहनें, बुजुर्ग, युवा एवं स्थानीय ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर धरना स्थल पर पहुंच रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उनकी मांगें उनके अधिकारों, सम्मान, भविष्य एवं अस्तित्व से जुड़ी हुई हैं, इसलिए जब तक उनका न्यायसंगत समाधान नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
*समाजसेवी गौरव तिवारी ने धरना स्थल पर पहुंचकर दिया समर्थन*
आंदोलन के 15वें दिन समाजसेवी श्री गौरव तिवारी जी ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनरत क्षेत्रवासियों को अपना समर्थन दिया। उन्होंने क्षेत्र की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर कहा कि वह हर परिस्थिति में क्षेत्रवासियों के साथ खड़े हैं। क्षेत्र की जनता अपने अधिकारों एवं प्रभावित परिवारों के हितों के लिए जो संघर्ष कर रही है, उसमें उनका पूरा सहयोग और समर्थन रहेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान होना आवश्यक है और इस संघर्ष में जनता को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
*सौंग बांध समिति के कोषाध्यक्ष श्री विक्रम सिंह कंडारी ने क्षेत्रवासियों को किया प्रेरित*
इस अवसर पर सौंग बाँध समिति के कोषाध्यक्ष श्री विक्रम सिंह कंडारी जी ने उपस्थित क्षेत्रवासियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सभी को इसी एकजुटता और दृढ़ संकल्प के साथ आंदोलन में अपनी भागीदारी बनाए रखनी होगी। यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति या परिवार की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की लड़ाई है।
उन्होंने कहा कि जब तक हमारी 15 सूत्रीय मांगों का उचित एवं न्यायसंगत समाधान नहीं होता, तब तक हम सभी को मिलकर जारी रखना होगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे एकजुट रहें और आंदोलन को मजबूती प्रदान करें।
15 सूत्रीय मांगों के समाधान तक जारी रहेगा संघर्ष
समिति एवं क्षेत्रीय जनता ने उत्तराखंड सरकार से एक बार फिर 15 सूत्रीय मांगों का शीघ्र एवं ठोस निराकरण करने की मांग दोहराई। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि अब क्षेत्र की जनता केवल आश्वासनों से संतुष्ट होने वाली नहीं है। प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों को उनकी मांगों के अनुरूप न्यायसंगत समाधान मिलना चाहिए।
समिति ने कहा कि यदि सरकार एवं संबंधित विभागों की ओर से शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। आगामी रणनीति के तहत मालदेवता क्षेत्रीय बाजार एवं रायपुर चौक पर चक्का जाम तथा आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
समिति ने दोहराया कि यह आंदोलन केवल सौंग घाटी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सकलाना क्षेत्र के हितों, प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के अधिकारों, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है।
सौंग घाटी की जनता एकजुट है, अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत है। 15 सूत्रीय मांगों का न्यायसंगत समाधान होने तक अनिश्चितकालीन धरना एवं कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
आंदोलन में उपस्थित पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी
इस अवसर पर पूर्व प्रधान श्री जय सिंह कंडारी, सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के मीडिया प्रभारी श्री दीपक पंवार, सदस्य श्री विनोद पंवार, श्री सौरव पंवार, श्री मंजीत सिंह, श्री पदम पंवार, श्री बीर सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




