सौंग घाटी का आंदोलन बारहवें दिन भी जारी, रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने धरना स्थल पर पहुंचकर दिया समाधान का आश्वासन
आज दिनांक 23 नवंबर 2026 को सौंग बाँध संघर्ष समिति एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के तत्वावधान में क्षेत्रवासियों की 15 सूत्रीय मांगों के निराकरण हेतु चल रहा अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार बारहवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन की संयुक्त अध्यक्षता सौंग बाँध संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्री रविंद्र पंवार एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार ने की।
यह आंदोलन विधानसभा धनोल्टी के ग्राम पंचायत तौलियाकाटल अंतर्गत सौदना गांव तथा विधानसभा रायपुर की ग्राम पंचायत अखाड़ी भीलंग के हिलासवाली गांव के समीप आयोजित किया जा रहा है।
रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने धरना स्थल पर पहुंचकर दिया समाधान का आश्वासन
आज आंदोलन के बारहवें दिन रायपुर विधानसभा के विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ जी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी 15 सूत्रीय मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस पूरे विषय को मुख्यमंत्री जी के समक्ष रखेंगे और शासन स्तर पर वार्ता कर समस्याओं का उचित समाधान निकालने का पूरा प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांगों के समाधान के लिए वह मुख्यमंत्री जी से वार्ता करेंगे तथा इस विषय में सकारात्मक निर्णय निकालने का प्रयास करेंगे।
सौंग बाँध के डायरेक्टर से फोन पर की वार्ता
इस दौरान विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ जी ने सौंग बाँध के डायरेक्टर से फोन पर वार्ता की तथा उन्हें आंदोलनरत क्षेत्रवासियों से बातचीत करने के लिए कहा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और आपसी बातचीत के माध्यम से ऐसा समाधान निकाला जाए, जिस पर क्षेत्रवासी स्वयं सहमत हों।
उन्होंने कहा कि जो भी उचित समाधान निकलता है और जिस समाधान पर क्षेत्र की जनता अपनी सहमति व्यक्त करती है, उसे प्रभावित क्षेत्रवासियों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।
विधायक द्वारा धरना स्थल पर पहुंचकर अधिकारियों से सीधे वार्ता करने और मुख्यमंत्री स्तर पर विषय उठाने के आश्वासन से क्षेत्रवासियों को अपनी मांगों के समाधान की उम्मीद जगी है। हालांकि समिति ने स्पष्ट किया कि अब क्षेत्र की जनता को केवल आश्वासन नहीं, बल्कि 15 सूत्रीय मांगों पर ठोस एवं लिखित निर्णय चाहिए।
15 सूत्रीय मांगों के समाधान तक जारी रहेगा आंदोलन
समिति एवं क्षेत्रीय जनता ने उत्तराखंड सरकार से 15 सूत्रीय मांगों का शीघ्र एवं न्यायसंगत निराकरण करने की मांग दोहराई। आंदोलनकारियों ने कहा कि यह आंदोलन सौंग घाटी के प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की लड़ाई है।
समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक क्षेत्रवासियों की मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता और प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, तब तक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार एवं संबंधित विभागों की ओर से शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। आगामी चरण में मालदेवता क्षेत्रीय बाजार एवं रायपुर चौक पर चक्का जाम तथा आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
समिति ने दोहराया कि यह लड़ाई केवल सौंग घाटी की नहीं, बल्कि संपूर्ण सकलाना क्षेत्र एवं प्रभावित ग्रामीणों के अधिकारों की लड़ाई है। क्षेत्र की जनता अपनी मांगों को लेकर एकजुट है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी।
आंदोलन में उपस्थित जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी
इस अवसर पर रायपुर विधायक श्री उमेश शर्मा काऊ जी, ब्लॉक प्रमुख रायपुर श्रीमती सरोजनी जवाड़ी जी, पूर्व दुग्ध संघ अध्यक्ष श्री किशन नेगी जी, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्री विकास छेत्री जी, श्री सोवन जवाड़ी जी,सौंग बंध समिति अध्यक्ष रवींद्र पंवार, सचिव बलवीर कंडारी , कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह कंडारी , उपाध्यक्ष ओमप्रकाश पंवार , सुमन कंडारी , रविराज पवांर , सौंग घाटी संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष कुलदीप पवांर , सचिव आदित्य कंडारी , कोषाध्यक्ष अरविंद नेगी , श्री दिनेश रैथवान, शीशपाल पंवार जी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
सौंग घाटी की जनता की एक ही मांग है—15 सूत्रीय मांगों का न्यायसंगत समाधान। जब तक प्रभावित परिवारों को उनका अधिकार और न्याय नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।




