छिद्दरवाला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मे एक महीने से चंदन लैब की सेवाएं ठप, ग्रामीणों में गहरा आक्रोश
ऋषिकेश : छिददरवाला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चंदन लैब के माध्यम से मिलने वाली निशुल्क रक्त जांच सुविधाएं बीते एक महीने से पूरी तरह ठप पड़ी हैं। लैब की सेवाएं बंद होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी रोष व्याप्त है।
छिददरवाला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डॉ. आकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित तकनीकी कर्मचारी वर्तमान में मातृत्व अवकाश पर गई हुई हैं। उनके अवकाश पर होने के कारण लैब का संचालन बाधित हो गया है। उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए संबंधित एजेंसी को वैकल्पिक कर्मचारी उपलब्ध कराने के संबंध में मौखिक और लिखित रूप से कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद लंबा समय बीत जाने के बाद भी एजेंसी ने अब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की है। नतीजतन प्रतिदिन अस्पताल पहुंचने वाले दर्जनों मरीजों को बिना जांच के ही बैरंग वापस लौटना पड़ रहा है। वरिष्ठ राज्य आन्दोलनकारी डॉ0 कृपाल सिंह रावत सरोज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लैब का संचालन सुचारू नहीं किया गया, तो वे इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।




