ऋषिकेश में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, बरेली से स्मैक लाकर युवाओं को बेच रहे दो तस्कर गिरफ्तार
योगनगरी के पर्यटकों और स्थानीय युवाओं को बनाते थे निशाना, 7.63 ग्राम स्मैक, स्कूटी और दो मोबाइल बरामद
ऋषिकेश।
योगनगरी ऋषिकेश को नशे की गिरफ्त में धकेलने की कोशिश कर रहे नशा तस्करों पर लक्ष्मणझूला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश के बरेली से स्मैक लाकर ऋषिकेश क्षेत्र में पर्यटकों, यात्रियों और स्थानीय युवाओं को बेचने की फिराक में घूम रहे दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे उत्तर प्रदेश के रामपुर-बरेली रूट से सस्ते दामों पर स्मैक खरीदकर लाते थे और यहां छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों की पहचान सूरज पुरी और राहुल रावत के रूप में की है।
दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तस्करी में इस्तेमाल स्कूटी और मोबाइल फोन सीज कर दिए गए हैं। न्यायालय में पेशी के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
सवाल यह है कि देवभूमि की योगनगरी में आखिर बाहर से नशे की खेप पहुंचाने वाले इस नेटवर्क की जड़ें कितनी गहरी हैं?
रिपोर्ट: पवन सिंह लिंगवाल




