ग्वालदम–नंदके शरी मोटरमार्ग पर डामरीकरण में मानकों की अनदेखी का आरोप, जनप्रतिनिधियों ने दी आंदोलन की चेतावनी।
सुभाष पिमोली थराली।
गढ़वाल और कुमाऊं को जोड़ने वाले राज्य राजमार्ग संख्या-91 के ग्वालदम–नंदकेशरी मोटर मार्ग पर 13 साल बाद डामरीकरण व सुधारीकरण शुरू होते ही निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। राज्य योजना के तहत 18 किलोमीटर सड़क के सुधारीकरण व डामरीकरण के लिए 15 करोड़ 6 लाख 17 हजार रुपये स्वीकृत किए गए । आगामी श्री नंदा देवी राजजात यात्रा के लिहाज से महत्वपूर्ण इस मोटर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग, थराली द्वारा कार्य कराया जा रहा है।
जिला पंचायत सदस्य कलावती देवी, कनिष्ठ प्रमुख राजेश चौहान ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी हो रही है। सड़क डामरीकरण में सोलिंग में रेत के स्थान पर मिट्टी का इस्तेमाल किया जा रहा है नालियों और कलमट बंद है उन्हें खोला नहीं जा रहा और सड़क से निकलने वाले मलबे को वन भूमि में डाला जा रहा हैं।
कनिष्ठ प्रमुख ने बताया कि डामरीकरण के दौरान सड़क पर नमी और उचित दबाव से डामर की कॉम्पैक्टिंग नहीं की गई हैं, ग्वालदम में सड़क का एलाइनमेंट ठीक नहीं होने से बरसात का पानी आवासीय घरों में घुस रहा है। कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या जस की तस बनी है ।
उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मानकों की अनदेखी जारी रही तो क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधि आंदोलन के लिए बाध्य होंगे जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी।
वही इस मोटर मार्ग राज जात में शामिल होने से कुमाऊं की देव डोलिया और निशान तथा श्रद्धालु नंदकेशरी पहुंचकर नंदा देवी राजजात यात्रा में शामिल होते हैं। ऐसे में यात्रा से पहले सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित करना जरूरी है। अब सवाल यह है कि करोड़ों रुपये की लागत से बन रही सड़क की गुणवत्ता की जांच कर विभाग आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है।




