श्रीनगर कोतवाली में देर रात हंगामा, छात्र नेताओं ने पुलिस पर लगाए अभद्रता के आरोप
श्रीनगर। सड़क हादसे के बाद पुलिस की कथित कार्रवाई को लेकर श्रीनगर में देर रात हंगामा हो गया। करीब साढ़े 12 बजे छात्र संघ से जुड़े कई पदाधिकारी और नेता श्रीनगर कोतवाली पहुंचे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष जसवंत राणा के अनुसार, देर रात बाइक और स्कूटी की भिड़ंत के बाद वह मौके पर मदद के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि कुछ देर बाद पहुंची पुलिस की गाड़ी से बाहर आए एक व्यक्ति ने, जिसने खुद को सीओ बताया, हादसे में शामिल एक छात्र को थप्पड़ मार दिया। विरोध करने पर पुलिसकर्मियों द्वारा उनके साथ भी कथित तौर पर अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया।
इसके बाद छात्र नेताओं ने कोतवाली पहुंचकर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। देर रात तक कोतवाली परिसर में पुलिस और छात्र नेताओं के बीच नोकझोंक होती रही। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की स्थिति पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी।




