✍️ मनमोहन भट्ट, उत्तरकाशी।
उत्तरकाशी पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने निर्माणाधीन भवन से मशीनें और निर्माण सामग्री चोरी करने वाले मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमित कुमार (36 वर्ष) को 27 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था।
गौरतलब है कि 21 जुलाई 2026 को निर्माणाधीन भवन से निर्माण कार्य में प्रयुक्त मशीनों एवं उपकरणों की चोरी के संबंध में कोतवाली उत्तरकाशी में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था।
पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी के पर्यवेक्षण एवं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार पतारसी, सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से फरार आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है।
बरामद सामान में एक ड्रिल मशीन, एक हैमर मशीन, दो ग्राइंडर मशीनें, दो वॉल शॉवर मिक्सर, एक नल, हेवेल्स कंपनी के विद्युत तार का एक बंडल तथा खिड़की एवं दरवाजों के कब्जों के दो डिब्बे शामिल हैं।
उत्तरकाशी पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




