शीशमबाड़ा ट्रेंचिंग ग्राउंड के शीघ्र विस्थापन की मांग को लेकर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने मुख्यमंत्री से की भेंट
*देहरादून, 24 जुलाई।* सहसपुर विधानसभा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जनसमस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सहसपुर विधायक श्री सहदेव सिंह पुण्डीर ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक पुण्डीर ने क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए शीशमबाड़ा स्थित कूड़ाघर (ट्रेंचिंग ग्राउंड) को जनभावनाओं के अनुरूप शीघ्रातिशीघ्र वहां से विस्थापित किए जाने का आग्रह किया।
विधायक श्री सहदेव सिंह पुण्डीर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि शीशमबाड़ा ट्रेंचिंग ग्राउंड वर्षों से क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर समस्या का कारण बना हुआ है। कूड़ाघर से उठने वाली दुर्गंध, पर्यावरण प्रदूषण तथा स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के चलते आसपास के हजारों लोगों को निरंतर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रही है और अब समय आ गया है कि इस दिशा में ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि नगर निगम, देहरादून की बोर्ड बैठक में पूर्व में शीशमबाड़ा ट्रेंचिंग ग्राउंड को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है। इससे स्पष्ट है कि इस विषय पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निकायों की भी व्यापक सहमति है तथा क्षेत्रवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण विषय को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए इस विषय पर निरंतर गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शीशमबाड़ा ट्रेंचिंग ग्राउंड के विस्थापन की प्रक्रिया को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि क्षेत्र की जनता को लंबे समय से चली आ रही इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख पर विधायक श्री सहदेव सिंह पुण्डीर ने उनका आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि राज्य सरकार के संवेदनशील नेतृत्व में शीशमबाड़ा ट्रेंचिंग ग्राउंड के विस्थापन का कार्य शीघ्र साकार होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप इस दिशा में सकारात्मक निर्णय होने से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन स्तर और स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि एवं नगर पंचायत सेलाकुईं के सभासद श्री अनिल नौटियाल, श्री सूरवीर सिंह चौहान, श्री रविन्द्र भट्ट, श्री प्रकाश भट्ट, श्री गणेश रतुड़ी, श्री तीरथ गैराला सहित अन्य गणमान्य कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




