✍️ मनमोहन भट्ट, उत्तरकाशी।
स्वामी श्री वेदानंद वेद विद्यालय, कुटेटी में उत्तराखण्ड के लोकपर्व हरेला महापर्व का भव्य आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री के आह्वान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और वृक्षारोपण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री नरेश कुमार, आईएफएस, अपर प्रमुख मुख्य वन संरक्षक (APCCF), उत्तराखण्ड वन विभाग रहे। विशिष्ट अतिथियों में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य (आईएएस), इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के प्रभागीय प्रमुख स्वर्ण सिंह, आईटीबीपी 12वीं वाहिनी मातली के कमांडेंट सचिन कुमार, समाजसेवी राजेन्द्र सिंह एवं श्रीमती सरिता सिंह उपस्थित रहे।
यह आयोजन पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह एवं सत्या फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती अलका सिंह के संरक्षण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान वैदिक रीति से हवन, वेद मंत्रोच्चार, वृक्षारोपण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। आईटीबीपी की 12वीं वाहिनी और एनडीआरएफ के जवानों ने भी वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
मुख्य अतिथि नरेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए हरेला महापर्व की शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य सहित सभी अतिथियों ने हरेला पर्व को प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक बताते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, डी.पी. बलूनी, जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन हरेला महापर्व की शुभकामनाओं और प्रकृति संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।




