देहरादून में शराब के ठेके के बाहर चलीं गोलियां, दो युवक घायल
रिंग रोड पर दो पक्षों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग के बाद आरोपी फरार
देहरादून। राजधानी देहरादून में शुक्रवार रात रायपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित एक शराब के ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। फायरिंग में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर शराब का ठेका समय से पहले बंद करा दिया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब नौ बजे शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने देसी कट्टे से फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटनास्थल पर दो राउंड फायर हुए, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
फायरिंग में 38 वर्षीय नवीन राणा की छाती में गोली का छर्रा लगा। उन्हें उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गए, जिन्हें दून अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों घायलों का उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फायरिंग के बाद आरोपी हवाई फायर करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में विवाद का कारण आपसी कहासुनी बताया जा रहा है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।




